कोरबा। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा मुख्य मार्ग पर स्थित सन साइन स्कूल में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्र के पार्षद, अभिभावक, विहिप कोरबा जिलाध्यक्ष सहित क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को सभी स्कूल पहुंचे और स्कूल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल की कई गंभीर समस्याएं सामने आईं। छात्राओं के बाथरूम की स्थिति बेहद खराब मिली। कई जगह दरवाजे टूटे हुए थे तथा दीवारों पर बड़े-बड़े अक्षरों में आपत्तिजनक शब्द लिखे मिले। कक्षाओं में सीपेज और प्लास्टर गिरने की समस्या भी दिखाई दी। पीने के पानी के स्थान पर गंदगी मिली तथा कक्षाओं के सामने जमा पानी में मच्छर पनप रहे थे, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्कूल के मैदान में भी मवेशी घूमते हुए पाए गए।
निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों ने स्कूल के प्रिंसिपल से मुलाकात कर सभी समस्याओं की लिखित शिकायत की। प्रिंसिपल ने इन सभी समस्याओं को सुधारने के लिए एक महीने का समय दिया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि सन साइन स्कूल में लंबे समय से अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय पार्षद और अभिभावकों के साथ किए गए निरीक्षण में शिकायतों से भी अधिक गंभीर समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन अव्यवस्थाओं से यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के वर्तमान और भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, जो किसी भी स्वस्थ समाज के लिए उचित नहीं है।
क्षेत्रवासियों ने स्कूल प्रबंधन को समस्याओं के शीघ्र समाधान की चेतावनी दी है। एक माह में व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

