कोरबा, 20 सितम्बर 2025। कोरबा कंप्यूटर कॉलेज में आज प्रवेश उत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत की उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों का कार्यक्रम स्थल पर जोरदार स्वागत किया गया।
समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया। कॉलेज के डायरेक्टर राजेश अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर 100% उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बेस्ट डांसिंग और बेस्ट संगीत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने इस अवसर पर कहा कि “कोरबा कंप्यूटर कॉलेज का यह आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और अनुशासन को सम्मान देने का सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर प्रेरणा मिलती है।”
समारोह में महामंत्री एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, राकेश नागरमल, प्रधान प्रबंधक संतोष ठाकुर, कॉलेज की कोषाध्यक्ष रक्षा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। छात्रों और अभिभावकों की बड़ी संख्या ने पूरे कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन और प्रतिभा सम्मान की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, जिसमें महापौर संजू देवी राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बनी।

