कोरबा, 19 सितंबर 2025। खेल नगरी कोरबा में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें प्रोत्साहन प्रदान करने की दिशा में एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना कोरबा द्वारा आयोजित कोरबा बैडमिंटन लीग 2 का शुभारंभ आज निहारिका स्थित मनोरंजन गृह नगर पालिक निगम कॉलोनी में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर संजू देवी राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।









महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल समाज में अनुशासन, स्वास्थ्य और आपसी सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नगर निगम हमेशा खेलों को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की ओर से प्रति वर्ष 1 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की गई, जो आयोजन से पूर्व उपलब्ध कराई जाएगी। यह निर्णय खिलाड़ियों और खेल आयोजकों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
इस मौके पर पूर्व आयुक्त श्री अशोक शर्मा, वर्तमान आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, श्री महेश गुप्ता, डॉ. संजय अग्रवाल, अध्यक्ष डॉ. संजीव सिंह, वरिष्ठ पत्रकार श्री कमलेश यादव, सचिव मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष सोनम जी सहित समिति के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में मौजूद खेलप्रेमियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों में जोश और उमंग देखते ही बन रहा था।
कोरबा बैडमिंटन लीग 2 न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, बल्कि कोरबा को खेल नगर के रूप में नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

