कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन वर्ष 2025-26 को राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रहा है। इस अवसर पर शासन के विभिन्न विभाग अपने-अपने कार्यों को प्रदेश की लोक संस्कृति व परंपराओं से जोड़ते हुए विशेष पहल कर रहे हैं। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने भी लोकपर्व पोला को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जोड़ते हुए एक अभिनव कार्यक्रम का आयोजन किया।
अतिरिक्त परिवहन आयुक्त के निर्देश पर, कोरबा परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी संदीप गुप्ता एवं उनकी टीम ने आमजन को संदेश दिया कि अपने गाय-बैलों को सड़क पर न छोड़ें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस अवसर पर सड़क पर बैठे गाय-बैलों को परिवहन मुख्यालय की ओर से सुरक्षा रिफ्लेक्टर कॉलर पहनाए गए तथा उन्हें फल, ब्रेड और चारा खिला कर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।
इस पहल का उद्देश्य न केवल सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना था बल्कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण का संदेश भी देना था। आरटीओ उड़नदस्ता प्रभारी संदीप गुप्ता ने बताया कि आगे भी छत्तीसगढ़ के विभिन्न लोक सांस्कृतिक पर्वों पर विभाग इस प्रकार के सृजनात्मक और जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

