कोरबा।सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा यातायात पुलिस द्वारा “सजग चालक–सुरक्षित गति” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में जिम्मेदारी की भावना पैदा करना, सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना हैं।जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी दी कि इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने हेतु विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और ट्रैफिक पॉइंट्स पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा की गई अपील:
- निर्धारित गति सीमा में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
- हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- पैदल चलने वालों को प्राथमिकता दें और ज़ेब्रा क्रॉसिंग का पालन करें।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, लगभग 67% सड़क हादसों का मुख्य कारण तेज गति है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान तेज गति के खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करने और उन्हें सुरक्षित गति से वाहन चलाने के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा, “आइए हम सभी संकल्प लें कि न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की भी सड़क पर सुरक्षा सुनिश्चित करें।” कोरबा यातायात पुलिस इस अभियान के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा को एक नई दिशा देने का प्रयास कर रही है।

