कोरबा।लोकमान्य बालगंगाधर तिलक की पुण्यतिथि के अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के सदस्यों ने तिलक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सदस्यों ने लोकमान्य तिलक के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि तिलक का जन्म 23 जुलाई 1856 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में हुआ था। उनका पूरा नाम केशव गंगाधर तिलक था। वे न सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेता थे, बल्कि एक प्रखर पत्रकार, लेखक और शिक्षाविद् भी थे। उनके द्वारा प्रकाशित पत्र “केसरी” (मराठी) और “मराठा” (अंग्रेज़ी) उस समय ब्रिटिश सरकार के खिलाफ जनजागरण का सशक्त माध्यम बने। वे मानते थे कि कलम और कागज़ से भी क्रांति लाई जा सकती है।
तिलक के विचारों और देशभक्ति से ओत-प्रोत जीवन से प्रेरणा लेने की बात सभी सदस्यों ने कही। वक्ताओं ने कहा कि तिलक का “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है” जैसा नारा आज भी जनमानस को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब उपाध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर, सचिव नागेंद्र श्रीवास, कोषाध्यक्ष ई. जयंत, कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार शाह, नीलम पड़वार, सुहेल अहमद किदवई, हीरा राठौर, प्रीतम जायसवाल, रेणु जायसवाल, राजा मुखर्जी, अनूप स्वर्णकार, राजीव, विक्की निर्मलकर प्रजापति सहित अनेक पत्रकारगण उपस्थित रहे।

