कोरबा। जिले के कुदमुरा वन रेंज में एक नर हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। हाथी का शव कुदमुरा और बैगामार के जंगलों के बीच मिला है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई है।
जानकारी के अनुसार, अब भी कई शिकारी अवैध रूप से करंट का जाल बिछाकर जंगली जानवरों का शिकार कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं वन्यजीव संरक्षण प्रणाली की कमजोरियों को उजागर कर रही हैं। इस घटना से यह भी साफ हो गया है कि वन विभाग के पास ऐसे मामलों को रोकने के लिए कोई सख्त या ठोस कार्ययोजना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है ताकि यह पता चल सके कि करंट किस स्रोत से लगाया गया और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।
वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।

