कोरबा। श्रावण मास की पावन बेला में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में रंगे कोरबा जिले में एक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 28 जुलाई, सोमवार को प्रातः 7 बजे शुरू होगी, जिसका शुभारंभ नगर पालिक निगम वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री नरेंद्र देवांगन के नेतृत्व में होगा।
पावन यात्रा की शुरुआत माँ सर्वमंगला मंदिर परिसर से होगी, जहाँ श्रद्धालुजन पहले हसदेव नदी में स्नान कर पवित्र जल संग्रह करेंगे। इसके पश्चात माँ सर्वमंगला से आशीर्वाद प्राप्त कर नरेंद्र देवांगन सैकड़ों शिव भक्तों के साथ “बोल बम” के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
यह श्रद्धा से ओतप्रोत कांवड़ यात्रा श्री कनकेश्वर नाथ बाबा धाम तक जाएगी, जहाँ भोलेनाथ को जल अर्पित कर जिले और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की जाएगी। यह धार्मिक आयोजन न केवल श्रद्धालुओं की भक्ति का प्रतीक है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, समर्पण और एकता का संदेश भी देता है।
नरेंद्र देवांगन ने सभी शिवभक्तों से इस पावन अवसर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

