कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीते 22 जुलाई को महिला की जली हुई लाश मिलने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मृतका सुषमा खुसरो की हत्या उसी के पति अभिनेक लदेर ने की थी। वैवाहिक विवाद के चलते तीन माह पहले से आरोपी ने हत्या की योजना बना रखी थी।
हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
घटना वाले दिन सुबह पति-पत्नी के बीच फिल्म देखने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी पति बैंक जाने का बहाना बनाकर घर से निकला और दोपहर में लौटने पर घर के अंदर से धुंआ निकलता देख पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर सुषमा की अधजली लाश पाई गई। पहले तो यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन जांच में सच्चाई कुछ और ही निकली।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ ने खोला राज
पुलिस ने स्थल निरीक्षण, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा सहित तकनीकी पहलुओं को खंगाला। पीएम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।
साक्ष्यों के आधार पर पति अभिनेक कुमार लदेर (उम्र 25 वर्ष, निवासी छुईयापारा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने जुर्म स्वीकार कर लिया।
पत्नी की चुनरी से बांधा मुंह, तकिये से दबाकर की हत्या
आरोपी ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद उसने सुषमा की चुनरी से मुंह बांधा और फिर तकिये से मुंह, नाक और गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को जलाने की कोशिश की।
वैवाहिक कलह बना वजह
दोनों पति-पत्नी ग्राम पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थे। पारिवारिक तनाव और बच्चों को लेकर आए दिन झगड़े होते रहते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से पत्नी से नाराज था और करीब तीन महीने से उसकी हत्या की योजना बना रहा था।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी प्रमोद, एसआई दुर्गेश, विमलेश, श्याम सिंह, अनिता आर., जितेंद्र, योगेश, संदीप, संजय, शेख साहबान, संजय रात्रे, गंगा, चंद्रकांत गुप्ता, राजनी कंवर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

