कोरबा।कांग्रेस नेता सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ दौरे पर सियासत गरमा गई है। प्रदेश के वरिष्ठ विधायक पुरंदर मिश्रा ने पायलट के दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि “अब कांग्रेस केवल एक परिवार तक सिमट कर रह गई है। दिल्ली में पप्पू और छत्तीसगढ़ में बिट्टू — यही अब कांग्रेस की राजनीति बची है।”
विधायक मिश्रा ने आर्थिक नाकेबंदी के दौरान कांग्रेस द्वारा बुलाए गए मजदूरों के भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस ने आंदोलन के समय मजदूरों को रोज़ी के लिए बुलाया था, लेकिन आज वे मजदूर भुगतान न होने को लेकर हल्ला मचा रहे हैं। अगर सचिन पायलट को ज़मीनी सच्चाई की परवाह है, तो उन्हें उन मजदूरों का भुगतान तत्काल करवाना चाहिए।”
पुरंदर मिश्रा के इन तीखे बयानों से कांग्रेस में अंदरूनी कलह और असंतोष एक बार फिर सतह पर आता दिख रहा है। पायलट का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को संगठित करने और पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के उद्देश्य से किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल:
विधायक मिश्रा के इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। एक ओर जहां इसे कांग्रेस में भीतरघात की निशानी माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर, कुछ विश्लेषक इसे क्षेत्रीय नेतृत्व की उपेक्षा से उपजा असंतोष बता रहे हैं।
सचिन पायलट के दौरे से कांग्रेस को जहां एक ओर संगठनात्मक ऊर्जा मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर पार्टी के ही वरिष्ठ नेताओं के तीखे तेवर नई मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

