रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप शर्मा ने शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में पीडीएस सिस्टम की विश्वसनीयता समाप्त हो गई थी, जिसे संदीप शर्मा के नेतृत्व में अब पुनः बहाल किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री शर्मा की नियुक्ति खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि राज्य के दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में चावल, नमक और चना जैसी मूलभूत खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु रूप से हो, इसके लिए आयोग जिम्मेदार रहेगा। उन्होंने बताया कि खाद्य आयोग को न केवल पीडीएस दुकानों की निगरानी करनी है, बल्कि मध्याह्न भोजन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण संबंधी अन्य योजनाओं की निगरानी भी आयोग के दायरे में आती है।
नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग भारतीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गठित एक संवैधानिक संस्था है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गरीबों और किसानों के हित में कई योजनाएं चलाई हैं, जिससे आज प्रदेश में अनाज उत्पादन तेजी से बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में किसानों को धान बेचने पर एकमुश्त राशि मिलने से उन्हें सालाना 1500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ हो रहा है। उन्होंने अपने इस नए दायित्व को सभी कार्यकर्ताओं और पार्टीजनों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी भाजपा टीम की मेहनत का परिणाम है।
इस अवसर पर रामविचार नेताम, टंकराम वर्मा, धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत, रिकेश सेन, रमेश ठाकुर, संजय श्रीवास्तव, मीनल चौबे, गौरीशंकर अग्रवाल, पवन साय, नितिन नवीन, अजय जमवाल, अशोक बजाज, शशांक शर्मा, अमित चिननानी, अनुराग अग्रवाल, सोमेश पांडेय, सुभाष तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पार्टी नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि वह अपने दायित्व का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करेंगे और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

