श्रद्धा, भक्ति और भव्यता का अद्भुत संगम, भजन गायिका मोनिका अग्रवाल की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
कोरबा, 25 जुलाई 2025 — श्रावण मास की कृष्ण पक्ष अमावस्या, संवत् 2082 के पावन अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा के प्रांगण में माँ राणीसती दादी जी का भव्य संगीतमय मंगलपाठ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन आध्यात्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना का अनुपम उदाहरण बना।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति रही कोरबा की सुप्रसिद्ध भजन गायिका मोनिका अग्रवाल एंड पार्टी, जिनकी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। श्री राणीसती चरित मानस एवं विविध भजनों की सशक्त प्रस्तुति ने सैकड़ों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिव्य आयोजन का शुभारंभ सायं 4 बजे हुआ, जो रात्रि 7 बजे तक चला। इस दौरान दादी जी का मनोहारी श्रृंगार किया गया एवं आकर्षक पारंपरिक मंडप का विशेष सजावट की गई। मंगलपाठी बहनों ने पारंपरिक परिधान—नथ, चूड़ियाँ, चुनरी आदि धारण कर सामूहिक पाठ किया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और अधिक बढ़ गई।
चूंकि यह हरेली पर्व का भी पावन अवसर था, अतः श्रद्धालुओं ने हरे रंग की पोशाक पहनकर सामूहिकता और एकरूपता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में भगवान को भोग अर्पित कर भव्य आरती की गई एवं सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर आगामी धार्मिक आयोजनों की भी घोषणा की गई, जिनमें प्रमुख रूप से:
- 15 अगस्त: लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता
- 16 अगस्त: श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
- 22 अगस्त: मेंहदी, पगधोई एवं ज्वारा उत्सव
- 23 अगस्त: श्री भादी अमावस्या उत्सव
कार्यक्रम के समापन पर श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी श्री अशोक मोदी जी ने मोनिका अग्रवाल एंड पार्टी सहित सभी मंगलपाठी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“ऐसे आध्यात्मिक आयोजन न केवल धार्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बाँधने का सशक्त माध्यम भी बनते हैं।”
इस अवसर पर ट्रस्ट परिवार एवं महिला मंडल के कई गणमान्य सदस्य—राजा मोदी, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, भगवती प्रसाद गोयनका, बनमाली शर्मा, विद्या अग्रवाल, प्रेमा अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, सरला मित्तल, किरण मोदी, प्रीति मोदी, अंकिता मोदी, निकिता मोदी, राधिका मोदी, मनीषा मोदी, पुष्पा अग्रवाल, लीना अग्रवाल आदि—की गरिमामय उपस्थिति रही।
यह आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनकर लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

