तमनार। ग्राम पंचायत पेलमा में शनिवार शाम करंट लगने से 28 वर्षीय युवक मनोज पटेल की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किसान मनोहर नायक ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए चारों ओर बिजली का तार बिछाया था।
शाम करीब 6 बजे मनोज पटेल शौच के लिए खेत के पास गया और अंधेरा होने के कारण बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची, खेत में बिछाए गए तार को जब्त किया और संदेह के आधार पर किसान मनोहर नायक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

