कोरबा, 22 अगस्त। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कोरबा को सूचना मिली कि एमसीएमआईटी कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टी.सी.) और चरित्र प्रमाण पत्र (सी.सी.) के नाम पर मनमाने ढंग से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।
मामला सामने आते ही एबीवीपी कोरबा के जिला संयोजक निहाल सोनी, नगर मंत्री प्रवीण साहू तथा नगर सह मंत्री राहुल महंत तत्काल कॉलेज पहुँचे और छात्र-छात्राओं की समस्याओं को विस्तार से सुना। इसके बाद पदाधिकारियों ने कॉलेज प्राचार्य से भेंट कर छात्रों की परेशानी से अवगत कराया।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने प्राचार्य को स्पष्ट हिदायत दी कि भविष्य में इस तरह की शिकायत दोबारा सामने न आए और किसी भी छात्र से अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए। संगठन ने यह भी कहा कि शिक्षा संस्थानों का मुख्य दायित्व छात्रों को सुविधा उपलब्ध कराना है, न कि उन पर अनुचित आर्थिक दबाव डालना।
एबीवीपी के हस्तक्षेप के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली और संगठन पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

