कोरबा, 11 अगस्त 2025।कोरबा पुलिस ने मारपीट व डकैती की गंभीर घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 बालिग और 4 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 10 अगस्त की रात लगभग 10:30 बजे की है, जब प्रार्थीया आरती यादव के पुत्र गब्बर यादव के साथ 15 ब्लॉक मैदान के पास कुछ युवकों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की।
पीड़ित गब्बर यादव जैसे-तैसे घर पहुँचा, लेकिन आरोपीगण मोह. अब्दुल कादिर, मनोज यादव, आर्यन दीवान, आदिल अंसारी एवं अन्य साथी उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में मौजूद प्रार्थीया और गवाहों के साथ हॉकी स्टिक, लोहे की रॉड, बेल्ट, डंडा और मुक्कों से मारपीट की, ₹1500 नकदी लूट ली तथा एसी, वॉशिंग मशीन, दरवाजा, आटा चक्की व एज़बेस्टर सीट सहित घरेलू सामान तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की रिपोर्ट चौकी सीएसईबी थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज की गई। अपराध क्रमांक 485/2025 धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4), 333, 310(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर निरीक्षक प्रमोद डनसेना और चौकी प्रभारी सीएसईबी स.उ.नि. भीमसेन यादव की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपियों से लूटा गया नकद व घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। बालिग आरोपियों को जिला जेल कोरबा और नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा में दाखिल किया गया।
गिरफ्तार बालिग आरोपी
1. मोहम्मद अब्दुल कादिर पिता रऊफ खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी महावीर चौक 15 ब्लॉक, कोरबा
2. मनोज कुमार यादव उर्फ बाबू पिता गंगा दयाल यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी महावीर चौक 15 ब्लॉक, कोरबा
3. आर्यन दीवान पिता राघवेंद्र दास, उम्र 21 वर्ष, निवासी पंपहाउस कॉलोनी, कोरबा
4. आदिल अंसारी पिता आबिद अंसारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, कोरबा
साथ ही 4 विधि से संघर्षरत बालक भी गिरफ्तार किए गए हैं।

