कोरबा। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना कोरबा के तत्वावधान में एक विशेष ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। 15 अगस्त 2025, शुक्रवार को होने वाली इस पहली प्रतियोगिता का नाम “एकलव्य इंडिपेंडेंस डे कप-1 (EIDC-1)” रखा गया है, जो कोरबा के भव्य बैडमिंटन कोर्ट पर खेला जाएगा। इसमें एकल वर्ग के अंतर्गत बालक/बालिका तथा महिला एवं पुरुष वर्ग के सभी खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना कोरबा के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हम इस स्वतंत्रता दिवस पर खिलाड़ियों के साथ खेल के माध्यम से देश की आज़ादी का उत्सव मनाएंगे।”
ओपन फॉर ऑल ग्रुप्स में आयोजित इस स्पर्धा में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये रखा गया है। प्रतियोगिता के मुकाबले सुबह 8:30 बजे से प्रारंभ होंगे, और सभी मैच योनेक्स मेविस 350 शटल से नॉक-आउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। सीमित प्रविष्टियों के साथ पंजीयन की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए इच्छुक खिलाड़ी आयोजक टीम से संपर्क कर सकते हैं।

