कोरबा। जिले में फर्जी पुलिस बनकर ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर नशे की हालत में ट्रैक्टर चालकों से कागजात की मांग की और दस्तावेज अधूरे होने का हवाला देकर 1000 रुपए वसूल कर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद असली पुलिस हरकत में आई और तीनों को धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर निवासी जतिन साहू बुधवार को बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी के पास अपने ट्रैक्टर के साथ खड़ा था। उसी समय एक क्रेटा कार (क्रमांक CG 16 CT 0427) में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिस अफसर बताकर दस्तावेज मांगने लगे। दस्तावेजों की कमी बताकर उन्होंने जतिन से हजारों रुपए की मांग की, सौदा तय नहीं होने पर आखिरकार जबरन 1000 रुपए लेकर फरार हो गए।
जतिन साहू को जब संदेह हुआ कि आरोपी असली पुलिस नहीं हैं, तो उसने तुरंत बांगो थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार नंबर के आधार पर छानबीन शुरू की और कोरिया जिले के ग्राम लेदरी निवासी जाहिद खान उर्फ सोनू, अजोय नायडू और प्रकाश गोंड़ उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं आरोपियों ने इससे पहले भी ऐसी घटनाएं तो नहीं की हैं।

