कोरबा। कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सिन्हा का आकस्मिक निधन हो गया। हार्ट अटैक की शिकायत के बाद उन्हें नख हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
स्व. विनोद सिन्हा कोरबा पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता करियर में कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के लिए कार्य किया और समाज के विभिन्न मुद्दों पर अपनी कलम से प्रभावशाली आवाज़ उठाई। पत्रकारिता के साथ-साथ वे छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे और वितरकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करते रहे।
उनके निधन से पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पत्रकारों, सहयोगियों, मित्रों और परिजनों ने इस दुखद समाचार पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। विनोद सिन्हा की सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।

