कोरबा, 24 जुलाई 2025 | थाना उरगा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी व विदेशी शराब समेत एक प्लसर मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरपाली से सण्डेल की ओर एक मोटरसाइकिल के माध्यम से शराब का परिवहन किया जा रहा है। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम ढनढनी के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 12 BQ 3174, काले रंग) को रोका और तलाशी ली।

तलाशी में आरोपी के पास रखे नीले रंग के बैग से 180 ml के 28 नग देशी प्लेन शराब और 180 ml के 5 नग अंग्रेजी शराब जम्मू ब्रांड बरामद किए गए। कुल मिलाकर 5.040 लीटर देशी शराब और 0.900 लीटर अंग्रेजी शराब, यानी कुल 5.940 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3400 है। साथ ही, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसकी कीमत लगभग ₹1,00,000 आँकी गई है, को भी जप्त कर राजसात की कार्यवाही की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार पटेल, पिता लक्ष्मी प्रसाद पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी देवरमाल, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिन ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी व नारकोटिक्स अधिनियम के तहत लगातार हो रही कार्यवाही के तहत यह सफलता उरगा पुलिस को मिली है।
इस संपूर्ण कार्यवाही में प्रधान आरक्षक 387 रामू कुर्मी, आरक्षक 464 प्रेमचंद साहू, तथा आरक्षक 93 उमेश मैसना की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

