
कोरबा। मुख्यमंत्री कप राष्ट्रीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 08 जून 2025 को दोपहर 03:00 बजे सेन्ट्रल स्टेडियम, एस.ई.सी.एल., कोरबा में होगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के करकमलों से संपन्न होगा, जबकि अध्यक्षता नगर निगम सभापति श्रीमती नूतन सिंह राजपूत करेंगी।
भारतीय महिला फुटबॉल महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव शेख जावेद ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का पहला मैच झारखंड और आंध्रप्रदेश की महिला टीमों के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता की संपूर्ण जिम्मेदारी साजी टी जान को सौंपी गई है। वहीं महिला खिलाड़ियों की देखरेख की जिम्मेदारी अंजू सिंह, जानकी साहू, सुनीता देवांगन, स्मिता सिंह और पद्मिनी साहू निभाएंगी।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनटीपीसी कोरबा के कार्यपालन निदेशक, परियोजना प्रमुख एवं मानव संसाधन प्रमुख सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ मिनी फुटबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष हितानंद अग्रवाल, पार्षद सिमरनजीत कौर, पार्षद धन कुमारी गर्ग, इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह और सीटू के केंद्रीय महासचिव व्ही एम मनोहर की उपस्थिति भी दर्ज़ होगी।
प्रतियोगिता की सफलता सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम, स्थानीय प्रशासन एवं खेल विभाग के द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। यह आयोजन कोरबा में महिला फुटबॉल के विकास को एक नई दिशा देगा और युवतियों में खेल के प्रति उत्साह एवं अवसरों का विस्तार करेगा।






